नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने वर्ष 2002 के चर्चित गढ़वा किला बुद्ध प्रतिमा चोरी और चौकीदार हत्या कांड में 24 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी रामनारायण उर्फ हैदर को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी का दावा है कि इस गिरफ्तारी के साथ मामले के सभी फरार आरोपियों का पता लगा लिया गया है।
सीबीआई के अनुसार, आरोपी को 4 जुलाई को फतेहपुर के नसीरपुर गांव से गिरफ्तार किया गया। मामला प्रयागराज के संरक्षित पुरातात्विक स्थल गढ़वा किला से भगवान बुद्ध की प्राचीन पत्थर की प्रतिमा चोरी और चौकीदार विनोद कुमार श्रीवास्तव की हत्या से जुड़ा है।
जांच के मुताबिक, 21-22 अप्रैल 2002 की रात विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में 11 सदस्यीय गिरोह ने किले में डकैती की थी। वारदात के दौरान चौकीदार की हत्या कर दी गई, दूसरे चौकीदार को बंधक बनाया गया और स्टोर रूम का ताला तोड़कर भगवान बुद्ध की बहुमूल्य पत्थर की प्रतिमा चोरी कर ली गई। प्रतिमा निकालते समय वह दो हिस्सों में टूट गई थी।
सीबीआई की जांच में सामने आया कि चोरी की गई प्रतिमा के दोनों हिस्से करीब 2.20 लाख रुपये में बेचे गए और बाद में दिल्ली के महिपालपुर स्थित एक गोदाम के जरिए विदेश भेज दिए गए।
एजेंसी ने वर्ष 2005 में 10 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इनमें विजय कुमार शुक्ला, रवि करण, सूरज भान और रामनारायण उर्फ हैदर फरार थे। इस वर्ष सीबीआई ने 22 मई को सूरज भान और 2 जून को रवि करण को गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी विजय कुमार शुक्ला फिलहाल चित्रकूट जेल में दूसरे मामले में बंद है।
सीबीआई ने कहा कि रामनारायण उर्फ हैदर की गिरफ्तारी के साथ अब इस मामले के सभी फरार आरोपियों का पता लगा लिया गया है और सभी के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा चलाया जाएगा।