नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को भारत मंडपम में आयोजित सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से कई नई परियोजनाओं और डिजिटल पहलों का शुभारंभ करेंगे।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी घोषणा 50 हजार प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) को ई-PACS में परिवर्तित करने की होगी। इसके अलावा बीज प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (BBSSL) और आईसीएआर के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
अमित शाह इस अवसर पर डेयरी सहकारी समितियों के लिए आदर्श उप-विधियों तथा सहकारिता मंत्रालय की पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन करेंगे।
267 गोदामों से जुड़े प्रोजेक्ट लॉन्च होंगे
समारोह में देशभर में 135 अन्न भंडारण गोदामों का हस्तांतरण, 85 गोदामों का लोकार्पण और 47 नए गोदामों का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बाराबंकी और महाराष्ट्र के जलगांव में टिश्यू कल्चर सुविधाओं का भूमि पूजन भी होगा।
इस दौरान एनसीडी 3.0, जियो-टैग मोबाइल एप, एनडीडीबी के दूध आपूर्ति समीक्षा डैशबोर्ड, सहकारी डेयरी क्षेत्र से जुड़ी नई पहलें, कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स ऑर्गनाइजेशन, गोमय सहकारी समिति तथा शहरी सहकारी बैंकों के लिए AI आधारित ‘सहकार सहयोगी’ प्लेटफॉर्म का भी शुभारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह), राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और मुरलीधर मोहोल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।