प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, अंतरराष्ट्रीय जाट धर्मशाला में भव्य आयोजन

कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला, कुरुक्षेत्र द्वारा भारतीय सिविल सेवा परीक्षाओं, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं युवाओं के सम्मान में भव्य "प्रतिभा सम्मान समारोह" आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज की 36 बिरादरी के मेधावी विद्यार्थियों एवं युवाओं को सम्मानित कर शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा पुलिस के आईजी पंकज नैन रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. चित्रलेखा शर्मा, डॉ. सतबीर कादियान, श्री रेशम सिंह, संत गोपाल दास, दिल्ली फ्लाइंग क्लब के डायरेक्टर अनिल शर्मा, दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. धर्मपाल भारद्वाज, जय हिंद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा तथा पूर्व कुलपति डॉ. रणपाल उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि समाज की आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, शोध और नवाचार ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं तथा समाज को ऐसे विद्यार्थियों का निरंतर उत्साहवर्धन करना चाहिए।

समारोह में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले स्वाति आर्य (रैंक 366), शगुन मेहरा (रैंक 618), निकिता वर्मा (रैंक 30), एकांश ढुल (रैंक 3), अध्ययन बाजपेयी (रैंक 414), सिमरनजीत कौर (रैंक 15), अनन्य राणा (रैंक 60) तथा जयंत गर्ग (रैंक 64) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त भूवैज्ञानिक अभिनव पुनिया, अंतरराष्ट्रीय पत्रकार सोनल नैन, विश्व बैंक में कार्यरत भारतीय अर्थशास्त्री गरिमा नैन तथा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) की साइंटिफिक ऑफिसर प्रियंका चहल को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में यूजीसी-नेट जेआरएफ उत्तीर्ण शोधार्थियों के साथ-साथ हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्र समूह सेवा समिति एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पूर्व छात्र एसोसिएशन द्वारा बोर्ड परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर रहबरे आज़म दीनबंधु सर छोटूराम लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन भी किया गया। अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला के प्रधान डॉ. कृष्ण श्योकंद ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करना अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा, शोध एवं युवा सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। सभी अतिथियों ने अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला द्वारा किए जा रहे शैक्षिक एवं सामाजिक कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम का संचालन अक्षय नरवाल ने किया। इस अवसर पर उपप्रधान बनी सिंह ढुल, सचिव हरिकेश सहारण, कैशियर नरेंद्र नैन, गंगा बिशन सहारण, जितेंद्र घराड़सी, बलविंदर, साधुराम कोलेखां, डॉ. जितेंद्र खटकड़, अवतार सीड़ा, गुलाब घराड़सी, सुभाष बारना, बलकार सरसा, राजेंद्र हथिरा, ईश्वर ढांडा, जसवंत कोलेखां, भाग सिंह, सुखबीर श्योकंद, सुरेश जाजनवाला, दरिया घराड़सी, डॉ. भरत सिंह ढुल, डॉ. सुरेश खत्री, दलबीर घराड़सी सहित अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला की समस्त कार्यकारिणी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, अभिभावक एवं समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।