सीएम योगी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, रोड शो के बाद कोर कमेटी और जनप्रतिनिधियों संग अहम बैठकें

लखनऊ (Narendra Singh Danu) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार से दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। राजधानी लखनऊ पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अमौसी एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर राजधानी को होर्डिंग्स और स्वागत द्वारों से सजाया गया है।

एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक कृष्णा नगर मोड़ से भव्य रोड शो आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

नई प्रदेश टीम को देंगे दिशा

दौरे के पहले दिन भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन उत्तर प्रदेश भाजपा की नवगठित प्रदेश टीम के साथ बैठक करेंगे और संगठन को लेकर मार्गदर्शन देंगे। पार्टी संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने पर भी चर्चा होगी।

CM योगी, मंत्रियों और विधायकों संग अहम बैठकें

अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, प्रदेश सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकों में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक भी उनकी मौजूदगी में आयोजित होगी।

2027 विधानसभा चुनाव पर रहेगा फोकस

बैठकों में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन होने की संभावना है। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।