CM मोहन यादव से KfW बैंक के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात; स्मार्ट मीटर, बिजली ढांचे और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर हुई चर्चा

भोपाल (Narendra Singh Danu) : मध्य प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने और निवेश बढ़ाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जर्मनी के KfW डेवलपमेंट बैंक के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में मुलाकात कर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल में KfW डेवलपमेंट बैंक की सीईओ क्रिस्टियाने लाईबेक, कंट्री डायरेक्टर वूल्फन मूथ, जर्मन दूतावास के प्रतिनिधि गॉटफ्रीड वॉन समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। बैठक में मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम और केंद्र सरकार के अधिकारी भी मौजूद रहे।

ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग होगा मजबूत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच दशकों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंध हैं और मध्य प्रदेश इस साझेदारी को नई ऊंचाई देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में KfW बैंक के सहयोग की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि दोनों पक्षों के बीच साझेदारी आगे और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि जर्मनी के सहयोग से मध्य प्रदेश को ऊर्जा दक्ष, हरित और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।

स्मार्ट मीटर और बिजली नेटवर्क पर बड़ा निवेश

बैठक के दौरान KfW बैंक के प्रतिनिधियों ने बताया कि एनर्जी रिफॉर्म प्रोग्राम के तहत प्रदेश की बिजली वितरण कंपनियों में स्मार्ट मीटर लगाने और फीडर विभक्तिकरण के लिए करीब 1,120 करोड़ रुपये का वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है।

इसके अलावा बैंक ने एनर्जी रिफॉर्म फेज-2 के तहत बिजली वितरण नेटवर्क के आधुनिकीकरण और सौर ऊर्जा के जरिए कृषि फीडरों को बिजली आपूर्ति के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने हेतु करीब 200 मिलियन यूरो के वित्तीय सहयोग में भी रुचि दिखाई है।

सरकार का मानना है कि इस सहयोग से राज्य में बिजली वितरण व्यवस्था अधिक आधुनिक, दक्ष और पर्यावरण अनुकूल बनेगी, साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।