सामाजिक सेवा अभियान के तहत क्लब सदस्यों ने स्वयं परोसा भोजन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए भी जारी रहेंगे प्रयास

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए इनरव्हील चंडीगढ़ सेंट्रल क्लब ने पंचकूला के सेक्टर-16 स्थित लेबर चौक पर लंगर सेवा का आयोजन किया। इस दौरान करीब 200 दिहाड़ी मजदूरों और जरूरतमंद श्रमिकों को गर्म एवं ताजा भोजन परोसा गया।

क्लब की अध्यक्ष राशि यादव के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा अभियान में सचिव वीणा सिंगला, कोषाध्यक्ष श्वेता गुप्ता, सोनिया बेरवाल, वीणा आनंद, रिचा, अनीशा आहूजा सहित अन्य सदस्यों ने स्वयं भोजन वितरित कर सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष राशि यादव ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करना क्लब की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनाओं को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। क्लब का प्रयास है कि समाज का कोई भी व्यक्ति स्वयं को उपेक्षित या अकेला महसूस न करे।

उन्होंने कहा कि इनरव्हील चंडीगढ़ सेंट्रल क्लब भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े सामाजिक कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी सेवा कार्यों में आगे आकर योगदान देने की अपील की।

क्लब की ओर से बताया गया कि इसी सेवा श्रृंखला के तहत 'अन्नपूर्णा दिवस' के अवसर पर भी जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरित किया गया।