अमृतसर (Narendra Singh Danu) : पंजाब के लिए गर्व की बात है कि अमृतसर के सरकारी स्कूल ऑफ एमिनेंस, मॉल रोड की 12वीं कक्षा (मेडिकल स्ट्रीम) की छात्रा टिया का चयन अंतरराष्ट्रीय ‘शक्तिसैट’ (ShaktiSat) सैटेलाइट मिशन के लिए हुआ है। इस प्रतिष्ठित मिशन में दुनिया के 108 देशों से चयनित छात्रों के बीच टिया भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
टिया की इस उपलब्धि के पीछे करीब 10 महीने की कड़ी मेहनत, अनुशासन और वैज्ञानिक सोच का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्कूल की प्रिंसिपल मंदीप कौर के नेतृत्व और रसायन विज्ञान के प्रवक्ता कमल कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने इस मिशन की तैयारी की। शिक्षकों के सहयोग और उनकी लगन ने इस उपलब्धि को संभव बनाया।
अब टिया अगस्त में दिल्ली के निकट आयोजित अंतरराष्ट्रीय ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा लेंगी। इस प्रशिक्षण शिविर में उन्हें सैटेलाइट की डिजाइनिंग, असेंबली और टेस्टिंग सहित अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद दुनिया के विभिन्न देशों से चयनित छात्रों द्वारा तैयार किए गए ‘शक्तिसैट’ को चंद्रमा की कक्षा (लूनर ऑर्बिट) में भेजने की योजना है। यह मिशन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
टिया की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे पंजाब में गर्व की भावना है। यह सफलता राज्य के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।