28 संदिग्ध हिरासत में, सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को फंसाकर संवेदनशील जानकारी जुटाने का आरोप

जयपुर (Narendra Singh Danu) : राजस्थान एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने शुक्रवार सुबह राज्यभर में पाकिस्तान आधारित आतंकी शाहजाद भट्टी से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 से अधिक शहरों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 28 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाहजाद भट्टी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं से संपर्क करता था। वह ऑनलाइन गेम, जल्दी पैसे कमाने और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ाव का लालच देकर पहले विश्वास जीतता और बाद में उनसे सेना, पुलिस प्रतिष्ठानों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों की फोटो और वीडियो मंगवाने का प्रयास करता था। जांच एजेंसियों के अनुसार उसके निशाने पर विशेष रूप से भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों के युवा थे।

सूत्रों के मुताबिक, एटीएस पिछले काफी समय से शाहजाद भट्टी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी निगरानी के आधार पर शुक्रवार को राज्यभर में समन्वित कार्रवाई की गई। हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट हिस्ट्री, डिजिटल डाटा और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि शाहजाद भट्टी का नेटवर्क केवल राजस्थान तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियों का मानना है कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी उसके कथित स्लीपर सेल सक्रिय हो सकते हैं। इसके अलावा नेटवर्क से जुड़े लोगों तक हवाला के जरिए धन पहुंचाए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। एजेंसियां अब वित्तीय लेनदेन, डिजिटल संपर्क और नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच में जुटी हैं।

एटीएस की इस कार्रवाई को संभावित आतंकी और जासूसी गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और संदिग्धों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।