नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : देश का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र आयोजन ‘भारत टेक्स-2026’ 14 से 17 जुलाई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा आयोजित इस मेले में 20 से अधिक देशों की भागीदारी होगी। आयोजन का उद्देश्य भारत के संपूर्ण वस्त्र उद्योग को एक वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करना और निवेश, नवाचार तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार को नई गति देना है।
वस्त्र मंत्रालय के अनुसार, यह आयोजन भारत की टेक्सटाइल, फैशन, सस्टेनेबिलिटी, आधुनिक प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में बढ़ती वैश्विक भूमिका को रेखांकित करेगा। साथ ही, वैश्विक वस्त्र उद्योग से जुड़े प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाकर भारत को वैश्विक मूल्य श्रृंखला में मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
चार दिवसीय आयोजन के दौरान करीब 3,500 क्यूरेटेड बी2बी बैठकें, 100 से अधिक बी2जी बैठकें तथा व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, सतत विकास, बाजार पहुंच और संस्थागत सहयोग से जुड़े 20 से अधिक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
आयोजन में सीआईटीआई टेक्सटाइल सस्टेनेबिलिटी अवार्ड-2026, विभिन्न राज्यों के विशेष सत्र, अंतरराष्ट्रीय वस्त्र व्यापार पर विचार-विमर्श और उद्योग से जुड़े कई उच्चस्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए भारत टेक्स-2026 मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है। ऐप के माध्यम से प्रदर्शकों की जानकारी, बी2बी बैठकों का शेड्यूल, डिजिटल बैज, क्यूआर आधारित लीड कैप्चर, लाइव कार्यक्रमों की जानकारी तथा एआई आधारित सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। आयोजन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी भारत टेक्स की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी पंजीकरण करा सकते हैं।