सीमा सुरक्षा, सेना के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा प्रणालियों और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर मंथन; पदभार संभालने के बाद पहली औपचारिक मुलाकात

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : देश के 31वें थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने पदभार संभालने के बाद गुरुवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन-2 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रक्षा मंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए भारतीय सेना की भूमिका और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब भारत अपनी सैन्य क्षमताओं के आधुनिकीकरण और स्वदेशी रक्षा प्रणालियों को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बैठक में सेना की परिचालन तैयारियों, सीमाओं पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति, आधुनिक सैन्य तकनीकों के उपयोग, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता तथा भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

जनरल धीरज सेठ ने 30 जून को भारतीय थल सेना की कमान संभाली थी। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने विज़न ‘विजय’ को सामने रखते हुए स्पष्ट किया कि भारतीय सेना का लक्ष्य स्वदेशी तकनीक के बल पर युद्ध क्षमता को और मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर सतत निगरानी, उच्च स्तर की ऑपरेशनल तैयारियां, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित सैन्य क्षमताओं का विस्तार, स्वदेशी रक्षा उद्योग को बढ़ावा, आत्मनिर्भरता तथा तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।