शारजाह और मेलबर्न से पहुंचे यात्रियों के जूतों, सोने के पेस्ट, कड़ों और चेन में छिपा था गोल्ड; कस्टम और डीआरआई अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटे।

अमृतसर (Narendra Singh Danu) : श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संयुक्त कार्रवाई में महिला सहित तीन यात्रियों से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का सोना बरामद किया है। तस्करी के लिए सोने को पेस्ट, जूतों, कड़ों और चेन के रूप में छिपाकर भारत लाया जा रहा था।

पहले मामले में शारजाह से फ्लाइट 6E-1428 से पहुंचे एक यात्री को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी और एक्स-रे जांच के दौरान उसके जूतों में छिपाया गया 174 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ। प्रोसेसिंग के बाद इसका शुद्ध वजन 150.04 ग्राम निकला, जिसकी कीमत 22.05 लाख रुपये आंकी गई।

दूसरे मामले में शारजाह से फ्लाइट IX-138 से पहुंची एक महिला यात्री के पास से 114 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद किया गया। शुद्ध वजन 90.21 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत 13.26 लाख रुपये बताई गई।

तीसरे मामले में मेलबर्न से कुआलालंपुर होते हुए फ्लाइट MH-118 से अमृतसर पहुंचे एक यात्री के पास से 24 कैरेट सोने के दो कड़े और एक चेन बरामद हुई। इनका कुल वजन 484 ग्राम और अनुमानित कीमत 70.66 लाख रुपये है।

अधिकारियों ने तीनों मामलों में बरामद सोना जब्त कर सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इन मामलों के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी गिरोह सक्रिय है या नहीं। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि बरामद सोने को पंजाब में किसी अवैध नेटवर्क, सर्राफा बाजार या हवाला चैनल के जरिए खपाने की योजना तो नहीं थी।