नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा और गांधी-वाड्रा परिवार पर जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े कई भूमि मामलों की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) समेत विभिन्न एजेंसियां कर रही हैं और कई मामले अदालतों में लंबित हैं।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भंडारी ने आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार का मकसद राजनीति या कारोबार नहीं, बल्कि जमीनों पर कब्जा करना रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के किच्छा स्थित खान फार्म एस्टेट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चार एकड़ भूमि मूल रूप से कुलसुम खान के नाम दर्ज है, जहां उनकी 90 वर्षीय बहन नसरीन खान रहती हैं।
भंडारी ने दावा किया कि नसरीन खान ने आरोप लगाया है कि कुछ कांग्रेस नेता वाड्रा परिवार के लिए उनकी जमीन पर कब्जा कराने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि ये आरोप सही हैं तो यह अत्यंत गंभीर मामला है।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार ने कथित तौर पर आम लोगों की जमीनों पर कब्जा कर संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने संबंधित जांच एजेंसियों से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
(नोट: भाजपा ने ये आरोप प्रेस वार्ता में लगाए हैं। इस पर कांग्रेस या रॉबर्ट वाड्रा की प्रतिक्रिया खबर लिखे जाने तक सामने नहीं आई थी।)