नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्वयं कार्यक्रम में शामिल न हो पाने के कारण खुर्शीद को आधिकारिक प्रतिनिधि नामित किया है।
सलमान खुर्शीद ने गुरुवार को बताया कि वह विशेष विमान से तेहरान रवाना होंगे और अंतिम संस्कार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में कांग्रेस की ओर से हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि ईरानी अधिकारियों को उनके प्रतिनिधित्व की जानकारी दे दी गई है।
खुर्शीद ने बताया कि अंतिम संस्कार समारोह के लिए कई देशों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है, लेकिन सीमित सीटों के कारण अभी यह स्पष्ट नहीं है कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल में और कौन-कौन शामिल होंगे।
ईरान ने भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को अंतिम संस्कार में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। भारत सरकार की ओर से विदेश राज्यमंत्री पवित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन भी तेहरान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धांजलि सभा तेहरान के इमाम खुमैनी मोसाला प्रार्थना हॉल में होगी, जबकि अंतिम यात्रा तेहरान और कोम से होकर गुजरेगी। 9 जुलाई को मशहद स्थित इमाम रजा दरगाह परिसर में सुपुर्द-ए-खाक की रस्म पूरी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई लगभग 36 वर्षों तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे। उनके निधन के बाद देश में कई दिनों तक राजकीय शोक घोषित किया गया है।