हुशियारपुर (दलजीत अजनोहा) : सरकारी कॉलेज हुशियारपुर की ओर से विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा ग्रहण कराने बल्कि समाज कल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने हेतु नेत्रदान एसोसिएशन हुशियारपुर के सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य था: विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को समझने, उनके समाधान के लिए लोगों से संवाद करने, गरीब परिवारों की मदद करने और उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करने, तथा समाज में रक्तदान, नेत्रदान और अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक करना।
इस मुहिम के तहत विद्यार्थियों की एक विशेष टीम प्रमुख समाज भलाई संस्था — राम चरित मानस प्रचार मंडल पर पहुंची। मौके पर समाजसेवी और सेवादार सिविल सर्जन डॉ. अजय बग्गा ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का मुख्य लक्ष्य शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करना होना चाहिए, और पढ़ाई के साथ-साथ समाज कल्याण संबंधी जागरूकता जीवन को और भी बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए और रक्तदान को जीवन दान बताया तथा इस विषय पर विशेष जागरूकता पैदा की।
राम चरित मानस प्रचार मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रो. बहादर सिंह सुनेत ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों, नैतिकता और समाज कल्याण के कार्यों के लिए प्रेरित करना एक अत्यंत सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर राम चरित मानस प्रचार मंडल के चेयरमैन हरीश सैनी, नेत्रदान एसोसिएशन के प्रतिनिधि प्रो. बहादर सिंह सुनेत, उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह, प्रेम सैनी, जतिंदर कौर, संतोष सैनी, हरविंदर कौर, लखविंदर कौर डिंपी और कुमकुम सूद ने विद्यार्थियों द्वारा समाजसेवी कार्यों में दिखाई जा रही गहरी रुचि और उत्साह को देखकर सरकारी कॉलेज के प्रिंसिपल व समस्त स्टाफ का धन्यवाद किया तथा कहा कि ये विद्यार्थी न केवल अपने जीवन के सपने पूरा करेंगे बल्कि भविष्य में समाज के कल्याण और देश की प्रगति में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।