नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जनसांख्यिकीय बदलावों पर गठित हाई लेवल कमिटी ऑन डेमोग्राफिक चेंजेज से जल्द से जल्द अपनी सिफारिशें प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।
बुधवार को समिति के सदस्यों ने गृह मंत्री के आवास पर उनसे शिष्टाचार भेंट की और अपनी कार्ययोजना की जानकारी साझा की। बैठक के दौरान समिति ने बताया कि वह देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा कर जमीनी स्थिति का आकलन करेगी तथा संबंधित मंत्रालयों से भी विस्तृत परामर्श करेगी।
समिति के अनुसार, अध्ययन को अधिक प्रभावी और तथ्यपरक बनाने के लिए एक विस्तृत प्रश्नावली तैयार की गई है, जिसके माध्यम से राज्यों से पहले ही आवश्यक सूचनाएं प्राप्त की जाएंगी। इससे क्षेत्रीय दौरों के दौरान संवाद और विश्लेषण को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने समिति की कार्ययोजना की सराहना करते हुए गृह सचिव को निर्देश दिए कि समिति के कार्य में हरसंभव प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने समिति से आग्रह किया कि वह अपना अध्ययन शीघ्र पूरा कर सरकार को समयबद्ध रूप से अपनी सिफारिशें सौंपे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को अपने संबोधन में ‘हाई-पावर्ड डेमोग्राफी मिशन’ की घोषणा की थी। इसके तहत अवैध प्रवास और अन्य कारणों से हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों के अध्ययन और समाधान सुझाने के लिए यह उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है।