सेवानिवृत्ति के दिन हुई गिरफ्तारी, जांच एजेंसी ने पूछताछ में बड़े खुलासों की जताई संभावना

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : बैंक घोटाले से जुड़े मामले में गिरफ्तार हरियाणा के आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने दो दिन की रिमांड पर भेज दिया है। सीबीआई ने उन्हें मंगलवार को गिरफ्तार किया था, और उसी दिन वह सेवा से सेवानिवृत्त भी हुए।

सीबीआई ने आरोपी अधिकारी को देर रात अदालत में पेश किया, जिसकी जानकारी बुधवार को सामने आई। मामले को हाई प्रोफाइल देखते हुए एजेंसी ने तेजी से कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, सरकार ने प्रदीप कुमार डागर को 8 अप्रैल 2026 को ही निलंबित कर दिया था। सीबीआई का कहना है कि आरोपी लंबे समय से जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे और जांच से बचने की कोशिश कर रहे थे। उनकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद गिरफ्तारी की गई।

सीबीआई ने अदालत को बताया कि रिमांड के दौरान पूछताछ से कई अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। जांच एजेंसी का यह भी कहना है कि आरोपी ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका में एक अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का नाम भी लिया है, जिससे मामले का दायरा और बढ़ सकता है।

फिलहाल सीबीआई रिमांड के दौरान प्रदीप कुमार से गहन पूछताछ कर रही है और बैंक घोटाले से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश जारी है।