बोले- सीए समुदाय पारदर्शिता और पेशेवर उत्कृष्टता से मजबूत कर रहा देश की वित्तीय व्यवस्था

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर देशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास में उनके योगदान की सराहना की।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी संदेश में कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट लंबे समय से भारत की आर्थिक प्रगति के भरोसेमंद साझेदार रहे हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और पेशेवर उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देश की वित्तीय व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में सीए समुदाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके प्रयास ऐसे आर्थिक माहौल के निर्माण में सहायक हैं, जहां उद्योग-व्यवसाय को बढ़ावा मिले, निवेश को प्रोत्साहन मिले और नए अवसरों का सृजन हो।

उन्होंने विश्वास जताया कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपनी विशेषज्ञता और समर्पण के बल पर भविष्य में भी भारत की आर्थिक मजबूती और समावेशी विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।