नकली दवाओं के मामले में राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, कई ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। गहलावत वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस), नई दिल्ली में तैनात हैं।

सीबीआई के अनुसार, इस मामले में 8 जून को दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि दीपक गहलावत ने कुछ निजी व्यक्तियों से रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि उन्होंने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पुडुचेरी में नकली दवाओं की बिक्री से जुड़े सीबीआई जांच वाले मामलों में राहत दिलाने का आश्वासन दिया था।

जांच के दौरान सीबीआई पहले ही दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह समेत छह अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। कार्रवाई के दौरान करीब 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि, 90 लाख रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे।

एजेंसी ने दीपक गहलावत से जुड़े कई ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से डिजिटल उपकरण, हार्ड डिस्क, दस्तावेज और अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रिश्वतखोरी, प्रभाव के कथित दुरुपयोग तथा अन्य संबंधित पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।