नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर की गई टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने उनके बयान को निंदनीय बताते हुए कांग्रेस पर अहंकार की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने बुधवार को कहा कि रेवंत रेड्डी का यह कहना कि "नितिन नवीन कौन हैं" बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिसकी देश के 22 राज्यों में सरकार है।
प्रेम शुक्ला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यही अहंकार लगातार चुनावी हार का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की 17 लोकसभा सीटों में भाजपा और कांग्रेस को समान संख्या में सीटें मिली हैं, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री अहंकारपूर्ण बयानबाजी कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि आने वाले समय में तेलंगाना में भी भाजपा का जनाधार और मजबूत होगा तथा कांग्रेस की राजनीति को जनता जवाब देगी।
दरअसल, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में अपने तीन दिवसीय तेलंगाना दौरे के दौरान राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन शुरू करने की घोषणा की थी। इसके जवाब में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने उनके नाम का उल्लेख करते हुए टिप्पणी की थी कि उन्हें ठीक से नहीं जानते, साथ ही भाजपा के सत्ता में आने के दावे पर भी कटाक्ष किया था। इसी बयान को लेकर दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।