बराक घाटी में संयुक्त अभियान के दौरान 49,800 याबा टैबलेट और 535 ग्राम हेरोइन बरामद, मुख्यमंत्री ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

गुवाहाटी (Narendra Singh Danu) : असम पुलिस ने बराक घाटी के श्रीभूमि और कछार जिलों में संयुक्त अभियान चलाकर करीब 13 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, अभियान में 49,800 याबा टैबलेट और 535 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया पर कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए कहा कि मादक पदार्थ तस्कर इसे कारोबार बताते हैं, लेकिन असम में ऐसे अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लोगों से नशे के अवैध कारोबार से दूर रहकर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और वैध आजीविका अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 'असम अगेंस्ट ड्रग्स' अभियान के तहत राज्य सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रखेगी।