नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के जन्मदिन पर देश के शीर्ष नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति योगदान की सराहना की।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने वेंकैया नायडू को दूरदर्शी और प्रतिष्ठित राजनेता बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण, संसदीय परंपराओं के सम्मान और वंचित वर्गों के कल्याण के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि वेंकैया नायडू ने सार्वजनिक जीवन में देश के विकास और गरीबों की सेवा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके कार्यों की भी सराहना की तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और दीर्घ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जन-राजनीति से लेकर उपराष्ट्रपति पद तक वेंकैया नायडू ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि युवा नेताओं को उनके सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, गिरिराज सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी वेंकैया नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन की कामना की।