चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब में मीटर रीडरों की हड़ताल के चलते बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने निर्णय लिया है कि राज्य भर में बिजली के बिल अब स्पीड पोस्ट के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाएंगे। इस फैसले का सीधा असर करीब 10.5 लाख से अधिक उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं के बिल सामान्य से अधिक आए हैं, या जिन पर ‘एन कोड’ दर्ज है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। ‘एन कोड’ का अर्थ है कि संबंधित उपभोक्ता की वास्तविक मीटर रीडिंग नहीं ली जा सकी और बिल अनुमानित खपत के आधार पर जारी किया गया है। ऐसे बिल को अंतिम (फाइनल) नहीं माना जाएगा।
PSPCL के अनुसार, जैसे ही वास्तविक मीटर रीडिंग उपलब्ध होगी, उसी के आधार पर अंतिम बिल तैयार किया जाएगा। यदि किसी उपभोक्ता ने अधिक भुगतान किया है तो वह अगली बिलिंग में समायोजित कर दिया जाएगा, जबकि कम भुगतान की स्थिति में शेष राशि बाद में जोड़ दी जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य में आउटसोर्स मीटर रीडर अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जिसके चलते कई क्षेत्रों में मीटर रीडिंग प्रभावित हुई है। इसी कारण विभाग को अस्थायी रूप से अनुमानित बिल जारी करने पड़े हैं। फिलहाल हड़ताल समाप्त करने को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत जारी है।