तनाव कम करने के प्रयासों का स्वागत, क्षेत्र में शांति और कूटनीति पर भारत का जोर

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेशकियन से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात और क्षेत्रीय घटनाक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बातचीत के दौरान ईरान के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को क्षेत्र की स्थिति और भविष्य की संभावित रणनीति से अवगत कराया।

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की दिशा में उठाए गए प्रयासों का स्वागत किया। उन्होंने भारत का रुख दोहराते हुए कहा कि सभी विवादों और मतभेदों का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है।

प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में स्थायी शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही और वैश्विक व्यापार की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके लिए सभी पक्षों को मिलकर प्रयास करने चाहिए।