पर्यटन मंत्रालय और गूगल इंडिया के बीच समझौता, आधुनिक तकनीक से बढ़ेगा ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ का प्रचार

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि डिजिटल प्रौद्योगिकियों के माध्यम से भारत के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है।

मंगलवार को दिल्ली में ‘गूगल इंडिया’ के साथ भारतीय पर्यटन के डिजिटल प्रचार-प्रसार को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर शेखावत ने कहा कि आधुनिक डिजिटल टूल्स की मदद से पर्यटकों के भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को अनुभव करने के तरीके में बड़ा बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि यह साझेदारी ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ पहल के तहत तकनीक आधारित पर्यटन विकास की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे भारत को वैश्विक स्तर पर एक आधुनिक, सुलभ और प्रतिस्पर्धी पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।

मंत्रालय के अनुसार यह समझौता गैर-व्यावसायिक और गैर-बाध्यकारी है, जिसका कोई वित्तीय प्रभाव नहीं होगा। इसके तहत उभरती तकनीकों का उपयोग, यात्रियों के व्यवहार का विश्लेषण, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा।

इस मौके पर पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार, अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन) सुमन बिल्ला सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।