‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बयान को लेकर विवाद, केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : कांग्रेस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लोकसभा में दिए गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि सदन में दी गई जानकारी बाद में सामने आई तथ्यों से मेल नहीं खाती।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर दावा किया कि रक्षा मंत्री ने जुलाई 2025 में सदन में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैनिकों को कोई क्षति नहीं हुई। जबकि बाद में सेना की ओर से छह जवानों के शहीद होने की जानकारी सार्वजनिक की गई।

वेणुगोपाल ने इस कथन को संसद को गुमराह करने का मामला बताते हुए कहा कि यह गंभीर संसदीय अवमानना और विशेषाधिकार हनन की श्रेणी में आता है। उन्होंने अपने पत्र के साथ लोकसभा की 28 जुलाई 2025 की कार्यवाही का एक अंश भी संलग्न किया है, जिसमें रक्षा मंत्री के बयान का हवाला दिया गया है।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी इस मुद्दे को उठाते हुए आरोप लगाया कि सदन में गलत जानकारी दी गई, जिससे शहीद जवानों के परिवारों की भावनाएं आहत हुई हैं। उनका कहना है कि यदि मंत्रियों द्वारा संसद में दी गई जानकारी तथ्यात्मक रूप से गलत हो, तो यह लोकतांत्रिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।