जम्मू (Narendra Singh Danu) : जम्मू-कश्मीर में आगामी अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस बार यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक और बहुस्तरीय बनाया गया है।
जम्मू में स्थापित अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को यात्रा सुरक्षा का मुख्य नियंत्रण केंद्र बनाया गया है, जहां से पूरे यात्रा मार्ग, बेस कैंप, संवेदनशील क्षेत्रों और सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे डिजिटल निगरानी रखी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस कंट्रोल सेंटर में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की लाइव फीड को एकीकृत किया गया है। हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित वीडियो एनालिटिक्स, फेस रिकग्निशन तकनीक, ड्रोन निगरानी और जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए पूरे मार्ग पर लगातार नजर रखी जा रही है।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में कंट्रोल सेंटर से तुरंत संबंधित सुरक्षा बलों को अलर्ट भेजा जा सकेगा, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव होगी। अधिकारियों का कहना है कि इस बार यात्रा के लिए सुरक्षा को और अधिक मजबूत एवं तकनीक-आधारित बनाया गया है।