नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : विपक्षी इंडी गठबंधन ने निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को लेकर देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत को संयुक्त पत्र भेजा है। इस पत्र पर 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय सांसद के हस्ताक्षर हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 8 जून को हुई ‘इंडिया जनबंधन’ की बैठक में 21 दलों और एक निर्दलीय सदस्य ने भाग लिया था। इसी बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया और संबंधित चुनावी मुद्दों पर सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को सामूहिक रूप से अवगत कराया जाएगा।
अब यह पत्र विस्तारित समर्थन के साथ 23 दलों और एक निर्दलीय सदस्य द्वारा भेजा गया है। रमेश ने कहा कि विपक्षी गठबंधन चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती को लेकर एकजुट है और आगे भी इस मुद्दे पर साझा रूप से आवाज उठाता रहेगा।