18 देशों के 1,000 सैनिकों के साथ बहुराष्ट्रीय अभ्यास में जाट रेजिमेंट की 40 सदस्यीय टुकड़ी ले रही हिस्सा

उलानबातार/नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : भारतीय सेना ने मंगोलिया की राजधानी उलानबातार में आयोजित बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ में भाग लेकर अपनी सामरिक क्षमता, रणनीतिक कौशल और परिचालन तैयारी का प्रदर्शन किया है। इस अभ्यास में भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट की 40 सदस्यीय टुकड़ी हिस्सा ले रही है।

20 जून से 3 जुलाई तक मंगोलिया के फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय-7 के तहत बहुराष्ट्रीय वातावरण में शांति स्थापना अभियानों के लिए सैन्य समन्वय और अंतर-संचालन क्षमता को मजबूत करना है।

भारतीय सेना की टुकड़ी 18 जून को इस अभ्यास में भाग लेने के लिए रवाना हुई थी। भारतीय दल में जाट रेजिमेंट के जवानों के साथ अन्य सशस्त्र बलों और सेवाओं के सैनिक भी शामिल हैं।

अभ्यास के दौरान संयुक्त योजना, गश्त, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान, शत्रुतापूर्ण क्षेत्रों से नागरिकों की सुरक्षित निकासी, तात्कालिक विस्फोटक उपकरणों (IED) से निपटने, प्राथमिक उपचार और घायलों की निकासी जैसे विभिन्न सैन्य अभियानों का अभ्यास किया जा रहा है।

इस वर्ष के अभ्यास में भारत, अमेरिका और मेजबान मंगोलिया सहित 18 देशों के लगभग 1,000 सैनिक भाग ले रहे हैं। ‘खान क्वेस्ट’ की शुरुआत वर्ष 2003 में अमेरिका और मंगोलिया के बीच द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास के रूप में हुई थी, जिसे 2006 में बहुराष्ट्रीय शांति स्थापना अभ्यास का स्वरूप दिया गया। मौजूदा संस्करण इस अभ्यास का 23वां आयोजन है।

भारतीय सेना के अनुसार, इस अभ्यास में भागीदारी वैश्विक शांति, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सहयोग और मंगोलिया के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही यह विभिन्न देशों की सेनाओं के बीच अनुभव साझा करने, परिचालन दक्षता बढ़ाने और आपसी सहयोग को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच भी है।