शाहदरा नॉर्थ जोन के प्रमुख ड्रेनों का जायजा, जलभराव रोकने के लिए समयबद्ध डी-सिल्टिंग और अतिक्रमण हटाने पर जोर

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को शाहदरा नॉर्थ जोन के प्रमुख नालों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले सभी नालों की डी-सिल्टिंग (गाद निकासी) का कार्य निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि राजधानी में जलभराव की समस्या से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान सत्या शर्मा ने खजूरी चौक स्थित स्केप-1 ड्रेन और गंगा विहार ट्रंक ड्रेन टी-पॉइंट का दौरा कर सफाई कार्य, जल निकासी व्यवस्था और नालों की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को जल्द पूरा करें। उन्होंने कहा कि समन्वय की कमी के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

सत्या शर्मा ने नालों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न नालों पर चल रहे कार्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस पर सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्लीवासियों को मानसून के दौरान जलभराव से राहत दिलाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।

इस अवसर पर क्षेत्र की निगम पार्षद रेखा रानी, नगर निगम, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, लोक निर्माण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।