नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : Telecom Regulatory Authority of India (ट्राई) की ओर से राजस्थान और गुजरात के बीच जोधपुर-अहमदाबाद रेल मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता की जांच में Reliance Jio का प्रदर्शन सबसे बेहतर पाया गया है। मई में किए गए इस स्वतंत्र परीक्षण में नेटवर्क कवरेज और डेटा डाउनलोड स्पीड के मामले में जियो ने अन्य कंपनियों को पीछे छोड़ दिया।
ट्राई ने 4 मई को लगभग 456.9 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग पर ड्राइव टेस्ट किया। इस दौरान Bharti Airtel, Bharat Sanchar Nigam Limited, Reliance Jio और Vodafone Idea के 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर वॉयस और डेटा सेवाओं की गुणवत्ता को परखा गया।
रिपोर्ट के मुताबिक कवरेज के लिहाज से जियो सबसे आगे रहा। जियो के 26,136 सैंपलों में केवल 685 स्थानों पर कमजोर सिग्नल दर्ज हुआ, जबकि एयरटेल में यह संख्या 1,843 रही। वहीं वीआई में 5,150 और बीएसएनएल में 7,368 स्थानों पर कमजोर नेटवर्क पाया गया। नो-कवरेज के मामलों में भी बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा।
कॉल ड्रॉप के मामले में एयरटेल और जियो ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और परीक्षण के दौरान दोनों नेटवर्क पर एक भी कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुई। इसके विपरीत बीएसएनएल में 15 और वीआई में 4 कॉल ड्रॉप की घटनाएं सामने आईं।
डेटा डाउनलोड स्पीड में जियो ने 89.61 एमबीपीएस की औसत रफ्तार के साथ पहला स्थान हासिल किया। एयरटेल 48.53 एमबीपीएस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं वीआई की औसत डाउनलोड स्पीड 12.71 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 7.95 एमबीपीएस दर्ज की गई।
हालांकि अपलोड स्पीड के मामले में एयरटेल ने 11.69 एमबीपीएस के साथ बढ़त बनाई, जबकि जियो 9.06 एमबीपीएस और वीआई 8.81 एमबीपीएस पर रहा। बीएसएनएल की अपलोड स्पीड 3.76 एमबीपीएस रही।
ट्राई ने बताया कि यह परीक्षण Jodhpur, भगत की कोठी, लूनी जंक्शन, समदड़ी, जालोर, भीनमाल, रानीवाड़ा, धानेरा, भीलड़ी, पाटन और महेसाणा जंक्शन सहित कई रेलवे स्टेशनों और रेलखंडों पर किया गया। रिपोर्ट को संबंधित दूरसंचार कंपनियों के साथ साझा कर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया है।