बोर्ड परीक्षाओं के रजिस्ट्रेशन में अड़चन, अभिभावक और स्कूल प्रशासन परेशान

लुधियाना (Narendra Singh Danu) : पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा बोर्ड कक्षाओं के लिए डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट को अनिवार्य किए जाने के बाद लुधियाना में छात्रों और अभिभावकों के सामने नई मुश्किल खड़ी हो गई है। सेवा केंद्रों में जारी भारी भीड़ और तकनीकी बाधाओं के कारण यह सर्टिफिकेट समय पर नहीं बन पा रहा है, जिससे परीक्षा रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

मुख्यमंत्री ‘धीयां-भैणा सत्कार योजना’ के तहत जाति प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों के लिए आवेदकों की बढ़ती संख्या के चलते सेवा केंद्रों पर लगातार दबाव बना हुआ है। इसी कारण केंद्रों का अधिकतर स्टाफ और सिस्टम इस योजना से जुड़े दस्तावेजों के निपटारे में व्यस्त है, जबकि बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों के डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट लंबित रह रहे हैं।

अभिभावकों का कहना है कि उन्हें अपने बच्चों के दस्तावेज बनवाने के लिए रोजाना दिहाड़ी छोड़कर सुबह से लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। इसके बावजूद कई बार सर्वर डाउन या भीड़ अधिक होने का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।

वहीं स्कूल संचालकों और शिक्षकों के सामने भी गंभीर स्थिति बन गई है। उनका कहना है कि बिना डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट के बोर्ड परीक्षा रजिस्ट्रेशन पूरा करना संभव नहीं है, लेकिन सेवा केंद्रों की स्थिति के चलते छात्र समय पर दस्तावेज जमा नहीं कर पा रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो पूरी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।