हादसे में कोई हताहत नहीं, पालतू डॉग ‘कोको’ सुरक्षित बचा

सूरत (Narendra Singh Danu) : सोशल मीडिया पर ‘लिटिल ग्लव्स’ नाम से मशहूर यूट्यूबर शिवानी कपिला के सूरत स्थित घर में पावर बैंक ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में उनके यूट्यूब के डायमंड, गोल्डन और सिल्वर प्ले बटन सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

अस्पताल जाने के दौरान हुआ हादसा

शिवानी कपिला ने बताया कि घटना के समय वह अपनी सास को अस्पताल लेकर गई थीं, जबकि घर पर उनके पिता मौजूद थे। इसी दौरान बेडरूम में चार्जिंग पर लगा वायरलेस पावर बैंक अचानक फट गया और आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई।

पूरा कमरा जलकर खाक

आग इतनी तेज थी कि कमरे में लगा एयर कंडीशनर तक पिघल गया। कपड़े, बैग, एक्सेसरीज़ और व्यक्तिगत यादों के साथ-साथ यूट्यूब से मिले उनके सभी प्रमुख अवॉर्ड्स भी जलकर नष्ट हो गए।

पालतू डॉग ‘कोको’ की जान बची

हादसे के समय उनका पालतू डॉग ‘कोको’ कमरे में ही था। आग लगने के बाद परिवार ने धुएं के बीच पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे हल्की चोटें आई हैं।

भावुक हुईं शिवानी कपिला

शिवानी ने सोशल मीडिया पर साझा वीडियो में कहा कि वर्षों की मेहनत से बनाया गया उनका सपना पलभर में राख हो गया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद भावुक और टूटने वाला क्षण है।

लोगों से अपील

उन्होंने लोगों से अपील की कि पावर बैंक या मोबाइल फोन को बिस्तर या तकिए के पास चार्ज न करें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि आग से उठे जहरीले धुएं के कारण उनके परिवार को भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई।