कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : कश्यप राजपूत भवन, कुरुक्षेत्र के 46वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में समाज के प्रदेश से 230 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
समारोह में विधायक रामकुमार कश्यप, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा तथा चेयरमैन सुभाष कलसाना भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने समाज की एकता, शिक्षा और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया तथा सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसके शिक्षित और संस्कारित युवा होते हैं। जो समाज अपनी नई पीढ़ी की शिक्षा पर ध्यान देता है, वही भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा, युवाओं और सामाजिक संगठनों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कश्यप राजपूत भवन द्वारा शिक्षा और सामाजिक एकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भवन के विकास एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।और जो मांगे समाज के द्वारा रखी गई है उनको भी पूरा करने का आश्वासन दिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कश्यप राजपूत सभा 25 के प्रधान राजबीर कश्यप ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कश्यप राजपूत भवन पिछले 46 वर्षों से समाज को एकजुट करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और प्रतिभाओं को आगे लाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसके मेधावी विद्यार्थी हैं और उनका सम्मान करना पूरे समाज का सम्मान है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ता है जब वह शिक्षा, संगठन और संस्कार को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हुए छात्र-छात्राएं पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने युवाओं से नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का संचार करते हैं। चेयरमैन सुभाष कलसाना ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन को मजबूत बनाने पर बल देते हुए कहा कि समाज की नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अपने संस्कारों और संस्कृति से भी जोड़ना आवश्यक है। इस अवसर पर विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह का समापन समाज की एकता, शिक्षा और विकास के संकल्प के साथ हुआ।