माता चिंतपूर्णी चौक पर ग्रिलिंग पूरी होने से यातायात व्यवस्था होगी बेहतर, ट्रैफिक पुलिस सम्मानित

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : युवा वाहिनी समिति की ओर से माता चिंतपूर्णी चौंक पर 8.5 क्विंटल लोहे की ग्रिल लगाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग देने पर समिति ने ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया।

समिति के प्रधान अश्वनी शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक इंचार्ज सुरिंदर शर्मा, एएसआई अशोक कुमार, एएसआई शिवदेव सिंह, एएसआई रशपाल सिंह, एएसआई कमलजीत सिंह तथा होमगार्ड मंगल दास ने बैरिकेडिंग कर यातायात को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया, जिससे ग्रिल लगाने का कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हो सका और आम लोगों को भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर समिति के सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सहयोग करती रही है, जिसके लिए समिति पुलिस प्रशासन की आभारी है। अश्वनी शर्मा ने बताया कि माता चिंतपूर्णी चौक पर लगाई गई 8.5 क्विंटल लोहे की ग्रिल को जल्द ही आकर्षक लाइटों और धार्मिक झंडों से सजाया जाएगा, जिससे चौक की सुंदरता और बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि इस कार्य में शहरवासियों के साथ-साथ धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का भी भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने यह भी बताया कि युवा वाहिनी समिति प्रत्येक माह संक्रांति के अवसर पर माता चिंतपूर्णी चौक में लंगर का आयोजन करती है तथा जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता भी करती है। इस अवसर पर विकास शर्मा, बलजीत जितू, अमित गुप्ता, सुभाष कुमार, वंश कुमार, राकेश कुमार, करनजीत, तरसेम लाल, मनोज कैनेडी, मनोज दत्ता, मास्टर संदीप सूद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।