42 किमी गहराई में था भूकंप का केंद्र, किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
गुवाहाटी (Narendra Singh Danu) : असम के कछार जिले में शनिवार तड़के मध्यम तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप सुबह 4:51:16 बजे आया, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
भारतीय सिस्मोलॉजी केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 दर्ज की गई। इसका केंद्र कछार जिले में जमीन से लगभग 42 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप का केंद्र 24.940 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 92.562 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया।
भूकंप के झटके महसूस होने के बावजूद किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा सतर्क रहने की अपील की है।