प्रधानमंत्री मोदी से द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर होगी व्यापक चर्चा

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची 1 से 3 जुलाई तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वह नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, शिखर सम्मेलन दोनों देशों को द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की व्यापक समीक्षा करने और उन्हें और मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करेगा। इसके साथ ही दोनों पक्ष आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

यह प्रधानमंत्री सनाए तकाइची की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। उनकी यह यात्रा अगस्त 2025 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टोक्यो यात्रा के दौरान आयोजित 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद हो रही है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उम्मीद है कि शिखर सम्मेलन के दौरान आर्थिक सहयोग, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी, आपूर्ति शृंखला, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा होगी।