पंचकूला पुलिस की बड़ी पहल, नशे की लत से जूझ रहे 20 लोगों का निःशुल्क इलाज शुरू

पंचकूला: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स विरोधी दिवस पर पंचकूला पुलिस ने ऑपरेशन मैदान 2.0 के तहत नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के निर्देशों पर जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस टीमें लगातार लोगों को जागरूक कर रही हैं।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सेक्टर-16 पुलिस चौकी प्रभारी भीम सिंह ने टीम के साथ लेबर चौक पर नशा मुक्ति केंद्र सेक्टर-6 के सहयोग से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान मजदूरों और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभाव, पारिवारिक-सामाजिक नुकसान तथा उपचार सुविधाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान 20 नशा पीड़ितों का निशुल्क उपचार शुरू करवाया गया।

इसी कड़ी में रायपुर रानी क्षेत्र के मौली गांव में एएसआई शिवानी ने टीम के साथ ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे से जूझ रहे लोग या उनके परिजन बिना डर पुलिस से संपर्क करें। पुलिस उपचार और पुनर्वास में पूरी सहायता करेगी।