होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : जिले में 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 28, 29 एवं 30 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। इसी संबंध में आज सिविल सर्जन कार्यालय में अभियान के जागरूकता पोस्टर का विमोचन सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल ने कहा कि पोलियो एक गंभीर एवं स्थायी विकलांगता पैदा करने वाली बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय प्रत्येक बच्चे को समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन 28 जून को जिलेभर में स्थापित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाई जाएंगी, जबकि 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।
डॉ. मनदीप कमल ने कहा कि यदि किसी बच्चे को पहले भी कई बार पोलियो की खुराक दी जा चुकी हो, तब भी प्रत्येक पल्स पोलियो अभियान के दौरान उसे दो बूंदें अवश्य पिलानी चाहिए। इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता और अधिक मजबूत होती है तथा उन्हें पोलियो वायरस से पूर्ण सुरक्षा मिलती है।
उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को 28, 29 एवं 30 जून के दौरान पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलवाएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों का पूरा सहयोग करें, ताकि जिला होशियारपुर एवं पंजाब को पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. टी.पी. सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सीमा गर्ग, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया, जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मोहम्मद आसिफ, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शैलेश, डिप्टी मास मीडिया अधिकारी रविंद्र जस्सल तथा डिप्टी मास मीडिया अधिकारी बलवीर कौर भी उपस्थित थे।