नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को नई दिल्ली में तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनका आशीर्वाद लिया।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि वह परम पावन दलाई लामा का कुशलक्षेम जानने गए थे। उन्होंने कहा कि दलाई लामा को अच्छे स्वास्थ्य और सकारात्मक मनोदशा में देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई।
रिजिजू ने अपने संदेश में लिखा कि हाल ही में घुटने की सर्जरी के बाद दलाई लामा तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह दलाई लामा की करुणा, बुद्धिमत्ता और विनम्रता से उन्हें प्रेरणा मिली।
उल्लेखनीय है कि दलाई लामा के बाएं घुटने की सफल सर्जरी गत 8 जून को नई दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में की गई थी। सर्जरी के बाद उनका स्वास्थ्य लगातार बेहतर हो रहा है।