सौर पैनल ऋण फाइलों की मंजूरी के बदले मांगी थी रिश्वत, 19 फाइलों के लिए 52 हजार रुपये पर हुई थी सहमति

नई दिल्ली/आगरा (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की भद्रौली शाखा, बरहन के प्रबंधक प्रवीण यादव को रिश्वत लेने के आरोप में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बैंक प्रबंधक को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए दबोचा गया।

सीबीआई के अनुसार, 25 जून को एक निजी कंपनी के कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बैंक प्रबंधक ने सौर पैनल से संबंधित लगभग 19 ऋण फाइलों के प्रसंस्करण और स्वीकृति के बदले प्रति फाइल 7,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।

जांच के दौरान बातचीत के बाद आरोपी 19 ऋण फाइलों को मंजूरी देने के लिए कुल 52 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया। ये सभी ऋण फाइलें पहले ही बैंक द्वारा स्वीकृत की जा चुकी थीं।

सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी बैंक प्रबंधक को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को गाजियाबाद स्थित सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।