स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती पर होंगे 'विशिष्ट अतिथि'; राष्ट्रपति से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता, संसद को भी करेंगे संबोधित

नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक हिंद महासागर के द्वीपीय देश सेशेल्स की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वह 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस एवं स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती समारोह में ‘विशिष्ट अतिथि’ के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा भारत और सेशेल्स के बीच रणनीतिक तथा द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान सेशेल्स के राष्ट्रपति वावेल रामकलावन से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे। राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा दोनों देशों के बीच दशकों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करेगी तथा विकास, सुरक्षा, समुद्री सहयोग और अन्य क्षेत्रों में साझेदारी को नई गति देगी।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इससे पहले वर्ष 2015 में सेशेल्स का दौरा किया था। भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-से-जन संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है और भारत के 'विजन महासागर' (MAHASAGAR) तथा 'ग्लोबल साउथ' के दृष्टिकोण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।