11.45 लाख मीट्रिक टन यूरिया व 1.80 लाख मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध, वितरण पर राज्य सरकार पर निगरानी की जिम्मेदारी

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब में यूरिया और डीएपी खाद की कमी को लेकर उठ रही अटकलों के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में खरीफ 2026 सीजन के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता है।

केंद्र के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की संयुक्त सचिव वंदना प्रेयशी द्वारा भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को भेजे गए जवाब में बताया गया है कि पंजाब को कुल 11,45,000 मीट्रिक टन यूरिया और 1,80,000 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराया गया है, जो राज्य की अनुमानित आवश्यकता से अधिक है।

क्लोजिंग स्टॉक भी पर्याप्त, केंद्र का दावा

मंत्रालय के अनुसार वर्तमान में पंजाब में पहले से ही 4,27,000 मीट्रिक टन यूरिया और 98,000 मीट्रिक टन डीएपी का क्लोजिंग स्टॉक मौजूद है। केंद्र ने दावा किया है कि आपूर्ति और स्टॉक दोनों स्तर पर स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

भाजपा का आरोप: किसानों तक पहुंचे खाद

भाजपा पंजाब अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि खाद की कोई कमी नहीं है और यह सीधे किसानों की प्राथमिकता से जुड़ा विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब यह जिम्मेदारी राज्य सरकार की है कि वह खाद को जिला और ब्लॉक स्तर तक किसानों तक सुचारु रूप से पहुंचाए।

कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग

ढिल्लों ने कहा कि उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत जमाखोरी, कालाबाजारी और अधिक कीमत पर बिक्री रोकना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों तक खाद समय पर नहीं पहुंचती, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार पर होगी।

उन्होंने आप सरकार से मांग की कि राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में पारदर्शी और समयबद्ध वितरण प्रणाली सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।