नई दिल्ली (Narendra Singh Danu) : वैश्विक ई-कॉमर्स और प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी अमेजन ने भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) और क्लाउड अवसंरचना के विस्तार के लिए 2030 तक अतिरिक्त 13 अरब अमेरिकी डॉलर निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एंडी जेसी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान इस महत्वाकांक्षी निवेश योजना की जानकारी दी।
नई दिल्ली में हुई बैठक के बाद एंडी जेसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि भारत अमेजन की दीर्घकालिक रणनीति का महत्वपूर्ण केंद्र है और कंपनी देश में डिजिटल अर्थव्यवस्था, नवाचार तथा रोजगार सृजन को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि नए निवेश के साथ वर्ष 2026 से 2030 के बीच भारत में अमेजन का कुल पूंजी निवेश बढ़कर 48 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा। इसमें एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर 21 अरब डॉलर से अधिक खर्च किए जाएंगे।
भारत में डिजिटल इकोसिस्टम को मिलेगा बढ़ावा
एंडी जेसी ने कहा कि अमेजन पिछले एक दशक से भारत में ग्राहकों, विक्रेताओं, स्टार्टअप्स, डेवलपर्स और विभिन्न उद्योगों को सेवाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में कंपनी की योजनाएं भारत के डिजिटल परिवर्तन को नई गति देंगी।
उनके अनुसार, अमेजन का लक्ष्य लाखों रोजगार अवसरों को समर्थन देना, ई-कॉमर्स निर्यात को बढ़ावा देना और छोटे व्यवसायों तथा विद्यार्थियों तक एआई आधारित तकनीकों की पहुंच सुनिश्चित करना है।
मुंबई और हैदराबाद में बढ़ेगी डेटा सेंटर क्षमता
कंपनी के बयान के मुताबिक यह निवेश मुख्य रूप से अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के तहत मुंबई और हैदराबाद में डेटा सेंटर क्षमता के विस्तार पर केंद्रित होगा। इससे स्टार्टअप्स, उद्यमों और सरकारी संस्थाओं को उन्नत एआई सेवाओं, विशेष एआई चिप्स, सुरक्षित क्लाउड तकनीकों और आधुनिक डेवलपर टूल्स तक बेहतर पहुंच मिलेगी।
अमेजन का कहना है कि इससे भारतीय कंपनियों को तेजी से नवाचार करने, अपने कारोबार का विस्तार करने और वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
भारत में 88 अरब डॉलर से अधिक का संचयी निवेश
कंपनी ने बताया कि 2010 से 2030 के बीच भारत में उसका कुल संचयी निवेश 88 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो जाएगा। इस निवेश के जरिए अमेजन भारत को एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल सेवाओं के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना चाहती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेजन का यह निवेश भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल और एआई इकोसिस्टम को मजबूती देगा तथा रोजगार, नवाचार और तकनीकी विकास के नए अवसर पैदा करेगा।