नई दिल्ली/काराकास (Narendra Singh Danu) : वेनेजुएला की राजधानी काराकास और आसपास के क्षेत्रों में आए दो शक्तिशाली भूकंपों से हुई भारी तबाही पर प्रधानमंत्री Narendra Modi ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और संकट की इस घड़ी में भारत की ओर से हरसंभव सहायता देने की पेशकश की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि वेनेजुएला में आए भीषण भूकंपों से हुई जन-धन की क्षति से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता की ओर से वे वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों, विशेष रूप से अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ एकजुटता से खड़ा है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप लगभग एक मिनट के अंतराल में आए, जिससे राजधानी काराकास सहित कई क्षेत्रों में व्यापक तबाही हुई। अनेक इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, बचाव अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वेनेजुएला सरकार ने आपातकाल की घोषणा करते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।