गुवाहाटी (Narendra Singh Danu) : गुवाहाटी के पलटन बाजार इलाके में मंगलवार देर रात पुलिस ने 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग अपनी सही पहचान और यात्रा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके थे।
पलटन बाजार थाना पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद सभी को बॉर्डर पुलिस के हवाले कर दिया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच जारी है।
पुलिस की पुष्टि:
अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद इन लोगों ने स्वीकार किया है कि वे बांग्लादेश के नागरिक हैं। अब उन्हें नियमानुसार वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
लॉज मालिक पर भी जांच
पुलिस ने उस लॉज की भी जांच शुरू कर दी है, जहां यह समूह ठहरा हुआ था। लॉज मालिक हृदय डेका पर आरोप है कि उन्होंने किरायेदारों के आवश्यक पहचान दस्तावेजों की सही जांच किए बिना उन्हें ठहरने की अनुमति दी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे कुछ दिन पहले, 19 जून को गुवाहाटी के आर्य नगर इलाके से 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया था। वे भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहे थे, जिसके बाद उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर वापस भेज दिया गया था।
वेरिफिकेशन अभियान जारी
पुलिस ने बताया कि शहर में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान के लिए वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिना दस्तावेज रह रहे लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।