होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : शिवसेना हिंदुस्तान के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र राणा की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शिवसेना पंजाब चेयरमैन राजीव टंडन की पायलट गाड़ी पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई। बैठक में इसे कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताते हुए कहा गया कि प्रदेश में असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि एक प्रमुख सामाजिक एवं राजनीतिक नेता की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। शिवसेना हिंदुस्तान ने पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सरकार पूरी तरह विफल रही है, जिसके कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि आए दिन खालिस्तानियों द्वारा पंजाब में बसे हुए हिंदुओं को डराने-धमकाने के लिए हथकंडे अपनाए जाते हैं लेकिन उनके ऊपर नकेल डालने की बजाय पंजाब में हिंदुओं को दबाने के लिए मौजूदा पंजाब सरकार उनके आंदोलनों को रोकने में कार्यरत नजर आती है उन्होंने कहा खालिस्तान मूवमेंट पर तत्कालीन पंजाब में बैन लगना चाहिए क्योंकि आए दिन खालिस्तानी आतंकवादियों को पकड़कर केंद्र एवं पंजाब सरकार द्वारा अखबारों में खबरें लगाई जाती हैं और वहीं दूसरी ओर खालिस्तान का नारा देने वाले को पुलिस सुरक्षा में जुलूस निकालने की इजाजत दी जाती है ऐसी दोहरी नीति से ही पंजाब का जो माहौल है वो खराब हो रखा है पंजाब में भाईचारे को कायम रखने के लिए पंजाब सरकार को सम्पूर्ण समाज के लिए एक ऐसी कानून व्यवस्था बनानी होगी जिसमें बिना धर्म देखे आपराधिक मामलों में सभी को सजा मिलने की कवायद हो। शिवसेना हिंदुस्तान ने सरकार से मांग की कि हमले में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा राजीव टंडन सहित सभी हिंदू नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
चेतावनी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि यदि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई और पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार ने प्रभावी नियंत्रण नहीं किया, तो शिवसेना हिंदुस्तान पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक ढंग से व्यापक आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर दीपक दीप, बिट्टू लंगेरी, काका, लकी, लवली, सतीश कुमार, मोनू, जगा आदि उपस्थित थे।