योगी सरकार का बड़ा कदम, अग्निकांड की जांच SIT को सौंपी

लखनऊ (Narendra Singh Danu) : राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित यह टीम सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

सरकारी जानकारी के अनुसार, इस दो सदस्यीय एसआईटी में अपर मुख्य सचिव (धर्मार्थ कार्य, पर्यटन/संस्कृति) अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है। जांच दल को हादसे के कारणों, लापरवाही और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण करने और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में घायलों व मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद देर रात उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में उन्होंने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार लोगों को हर हाल में जवाबदेह ठहराया जाएगा। वहीं, प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि राहत और उपचार कार्यों में किसी तरह की कमी न रहे।

सरकार के इस कदम को हादसे की गंभीरता को देखते हुए त्वरित और कड़े एक्शन के रूप में देखा जा रहा है।