चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : चंडीगढ़। पंजाब वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से लंबित मांग को स्वीकार करते हुए राज्य सरकार ने कई क्षेत्रों में नई एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (ADC) पोस्ट बनाने को मंजूरी दे दी है, जिससे लोगों को प्रशासनिक कामों के लिए अब दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार, दसूहा और मुकेरियां सब-डिवीजन के लोगों को अपने सरकारी कार्यों के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ती थी। स्थानीय निवासियों द्वारा लंबे समय से इन क्षेत्रों में अलग ADC पद की मांग की जा रही थी। अब सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए दसूहा, मुकेरियां, टांडा, तलवाड़ा, हाजीपुर और गढ़दीवाला क्षेत्रों के लिए नई ADC पोस्ट को मंजूरी दे दी है।
फगवाड़ा को भी मिली बड़ी राहत
इसी कड़ी में फगवाड़ा के लोगों को भी राहत दी गई है। यहां के निवासियों को अपने प्रशासनिक कार्यों के लिए कपूरथला जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की काफी परेशानी होती थी। अब फगवाड़ा में भी ADC का नया पद सृजित करने की मंजूरी दे दी गई है।
लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
नई ADC पोस्ट बनने से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सरकारी कामकाज में तेजी और पारदर्शिता भी आएगी।
सरकार के इस फैसले को क्षेत्रीय विकास और प्रशासनिक पहुंच को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।