लुधियाना: ग्यासपुरा क्षेत्र की प्रीतम कॉलोनी में शनिवार देर रात महज 20 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पैसे मांगने पर दो युवकों ने एक फाइनेंसर के परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। सबसे गंभीर रूप से घायल सरबजीत कौर (43) के दोनों पैरों में करीब छह गोलियां लगी हैं। वहीं उनके पति को पेट के निचले हिस्से में गोली लगी, जिनका अस्पताल में ऑपरेशन किया गया है।
पीड़ित महिला सरबजीत कौर के अनुसार, करीब सात-आठ महीने पहले उनके बेटे के जानकार सागर को 20 हजार रुपये ब्याज पर दिए गए थे। आरोप है कि सागर पैसे वापस नहीं कर रहा था। शनिवार देर रात करीब 12 बजे जब पैसों को लेकर बातचीत हुई तो सागर उनके घर पहुंच गया। बहस बढ़ने पर उसने अपने एक साथी मनी को भी मौके पर बुला लिया।
परिवार का आरोप है कि मनी के पहुंचते ही दोनों युवकों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। गोलियां लगने से सरबजीत कौर, उनके पति, देवर और बेटा घायल हो गए। देवर के पैर में गोली लगने के साथ सिर पर भी चोट आई है, जबकि बेटे के पैर को छूते हुए गोली निकल गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल बेटे ने हिम्मत दिखाते हुए खुद गाड़ी चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पूरी वारदात पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में जल्द एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित महिला बोलीं—पैसे मांगने पर बरसाईं गोलियां
सरबजीत कौर ने बताया कि 20 हजार रुपये वापस मांगने पर पहले बहस हुई और फिर आरोपियों ने परिवार पर फायरिंग कर दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।