एनआरआई मिलनी 2026 के लिए मोहाली तैयार, 24 जून को जुटेंगे देश-विदेश के लोग

चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब सरकार 24 जून, 2026 को मोहाली स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में “एन.आर.आई. मिलनी 2026” आयोजित करेगी, जिसका उद्देश्य विदेशों में बसे पंजाबियों के साथ संवाद मजबूत करना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

एन.आर.आई. मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम एन.आर.आई. समुदाय और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक अहम मंच होगा। इसमें प्रतिभागी अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य फोकस शिकायतों के पारदर्शी और प्रभावी निपटारे के साथ-साथ एन.आर.आई. हितों से जुड़ी संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत करना है। यह पहल पंजाब और वैश्विक पंजाबी समुदाय के बीच संबंधों को और सुदृढ़ करेगी।

मंत्री ने बताया कि एस.ए.एस. नगर (मोहाली), रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला जिलों के एन.आर.आई. को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। उन्होंने पात्र एन.आर.आई. से अपील की कि वे कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के दौरान नाम, पता, संपर्क विवरण और संबंधित शिकायतों की जानकारी देना अनिवार्य है, ताकि मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार एन.आर.आई. समुदाय के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के जवाबदेह व पारदर्शी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि “एन.आर.आई. मिलनी 2026” संवाद और समाधान का प्रभावी मंच साबित होगी।